सागर की इस पंचायत में शराबबंदी लागू पौआ के साथ पकड़ाये तो 11 हजार का जुर्माना | sagar tv news |
सागर के रहली विधानसभा क्षेत्र में भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा नशा मुक्ति और शराबबंदी को लेकर चलाई जा रही मुहिम अब जन आंदोलन का रूप लेती जा रही है। बुधवार को गढ़ाकोटा तहसील के ग्राम ऊमरा में संगठन ने एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें ग्रामीणों को शराब और अन्य नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस बैठक में ग्राम सरपंच की अध्यक्षता और गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे की उपस्थिति रही। संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर तय किया कि गांव में शराब बेचने वाले पर ₹11,000 और शराब पीने वाले पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया, ताकि गांव को पूर्ण रूप से नशा मुक्त किया जा सके।
बैठक के दौरान ग्रामीणों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें ग्राम ऊमरा में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इस पर थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नशा मुक्ति मोर्चा जगदीश सिंह लोधी ने भी लोगों को संबोधित किया और कहा कि समाज को बचाने के लिए नशे के खिलाफ यह लड़ाई बेहद ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि भगवती मानव कल्याण संगठन गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चला रहा है और अब तक कई गांवों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष और महिलाएं, युवक-युवतियाँ एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में गांव को शराब और नशे से पूरी तरह मुक्त करने की शपथ ली।
रजनीकांत दुबे, थाना प्रभारी गढ़ाकोटा बोले गांव में अवैध शराब बिक्री को रोकने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी, संगठन की इस पहल को हम पूरा समर्थन देंगे। जगदीश सिंह लोधी, प्रदेश अध्यक्ष, नशा मुक्ति मोर्चा बोले हमारा लक्ष्य हर गांव को नशा मुक्त बनाना है, और इसके लिए हम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।