Sagar - फैक्ट्री का मंजर देख सहम गए लोग, फिर रात भर गूंजते रहे फायर ब्रिगेड के सायरन
सागर के बहेरिया स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की एक कबाड़ फैक्ट्री में शनिवार की शाम भीषण आग लग गई। आग की 50 फीट तक उठती लपटें देख फैक्ट्री का चौकीदार मौके पर ही बेहोश हो गया। आनन-फानन में जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और नगर निगम सहित जिलेभर की फायर ब्रिगेड कबाड़ फैक्ट्री पहुंचाई गईं, हालात ये बने की आग पर काबू पाने के लिए सेना के जवानों को बुलाना पड़ा। देर रात तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे आकाश जैन की कबाड़ फैक्ट्री में रखी सामग्री में आग भभक उठी, देखते ही देखते परिसर से ऊंची लपटें निकलने लगीं। परिसर में कागज, पाइप, प्लास्टिक व लोहा सामग्री, बैटरी सहित ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी थीं। इस कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। प्रशासन ने तत्काल नगर निगम, मकरोनिया, कैंट की फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचाया लेकिन फायर लॉरी का पानी ऊंट के मुंह जीरा साबित हुआ।
कलेक्टर संदीप जीआर ने एसडीएम अदिति यादव, तहसीलदार, मकरोनिया सीएमओ सहित अधिकारियों कर्मचारियों को मौके पर पहुंचाया और सेना, शाहपुर, गढ़ाकोटा, कर्रापुर, रहली, खुरई, मालथौन, बरोदियाकलां, बांदरी सहित जिले के तमाम नगरीय निकायों के फायर ब्रिगेड सहित सेना के जवानों को फायर लॉरी सहित बुलाया। रात करीब 2 बजे तक फैक्ट्री धधकती रही।
प्रशासनिक अधिकारी सहित पुलिस अमला चनाटौरिया में डेरा जमाए रहा। फैक्ट्री के आसपास की भीड़ को हटाया गया। आसपास की फैक्ट्री में आग न फैले इसके इंतजाम भी किए गए। बहेरिया, मकरोनिया, कर्रापुर, सानौधा की पुलिस भी ड्यूटी पर रही। जबलपुर-दमोह, बंडा-सागर मार्ग पर फायर ब्रिगेड के सायरन देर रात तक गूंजते रहे। फायर लॉरी भरने के लिए आसपास हाइडेंट की व्यवस्था नहीं थी।