MP: शादी की खुशियों का सफर बना आखिरी सफर, एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बच सके चार युवक
सोमवार सुबह धार के इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सुबह करीब छह बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर अचानक एक अज्ञात भारी वाहन में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ये सभी युवक झाबुआ से धार में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन किसे पता था कि उनकी जिंदगी का यह आखिरी सफर होगा।
तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम बलगांवडी स्थित प्रिंस होटल के पास हुई इस भीषण दुर्घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया। रविवार रात करीब दस बजे झाबुआ से निकले ये युवक सपनों और खुशियों के साथ यात्रा पर निकले थे, मगर रास्ते में किस्मत ने ऐसा कहर बरपाया कि एक भी नहीं बच सका।
टक्कर की ताकत इतनी भयानक थी कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद जान नहीं बचाई जा सकी। एक युवक तो हादसे के बाद कार के फ्रंट ग्लास में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार के मलबे से बाहर निकाला। हर कोई यह मंजर देख कर सन्न रह गया।
चारों मृतकों की पहचान प्रकाश भूरिया (रतलाम), राजा भूरिया (झाबुआ), राहुल भूरिया (फुलगांवडी) और दिलीप भूरिया के रूप में हुई है। उनके परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। अब घरों में शादी की खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार कार किसी अज्ञात भारी वाहन से टकराई थी और मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन पर रात के समय अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जो इस तरह के दर्दनाक हादसों की वजह बनते हैं। इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं