बांस के करीब 5 एकड़ क्षेत्र के खेत में लगी आग, किसान की 6 साल की मेहनत बर्बाद
एमपी के बड़वानी जिले के खेतिया में स्थित ग्राम निसरपुर में एक किसान के बांस के खेत में शनिवार रात आग लग गई। आग लगने से किसान की 6 साल की मेहनत बर्बाद हो गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि अज्ञात कारणों से आग लगी है। किसान प्रमोद भंसाली ने करीब 5 एकड़ क्षेत्र में बांस लगाया था। आग लगने से करीब तीन से चार एकड़ खेत तबाह हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि देर रात तक भी खेत में आग धधकती रही और दूर से आग की लपटों के साथ बांस की कड़कड़ आवाज आती रही।
खबर प्रकाशित किए जाने तक खेतिया नगर परिषद के फायर फाइटर की मदद से आग पर काबू पाया जा रहा था। किसान ने बताया कि सूचना मिलने पर फायर फाइटर आया, लेकिन तब तक बांस सुखा होने और सुखी घास जमीन पर होने और हवा चलने से आग लगातार बढ़ती ही चली जा रही थी। किसान ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें इस नुकसान के लिए मुआवजा दिया जाए। साथ ही उन्होंने आग लगने के कारणों की जांच करने की भी मांग की है। स्थानीय निवासी स्वराज चौहान ने बताया कि आग लगने से किसान को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसान को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।