यम बनकर दौड़ी एंबुलेंस...जान बचाने वाली Ambulance ने ही ले ?
MP के मंदसौर में एक एंबुलेंस द्वारा टक्कर मारने और घायल व्यक्ति को सड़क पर तड़पता छोड़कर भागने की घटना सामने आई है, इस हादसे में नारायण सिंह नाम के व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
शामगढ़ थाना से मिली जानकारी के मुताबिक , नारायण सिंह उम्र 50 साल, निवासी चांद का खेड़ा, थाना मिश्रौली, जिला झालावाड़, अपनी मोटरसाइकिल से आकली दीवान गांव से लौट रहे थे। बरखेड़ा राठौर गांव के पास सीजी 04 एनटी 9412 नंबर की एंबुलेंस ने उन्हें टक्कर मार दी। एंबुलेंस चालक अर्जुन प्रजापति उन्हें घायल अवस्था में शामगढ़ अस्पताल ले जा रहा था। अस्पताल से करीब एक किलोमीटर पहले डिम्पल चौराहे के पास एंबुलेंस की खिड़की टूट गई, जिससे नारायण सिंह नीचे गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया, जिससे उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन का आरोप लगाया कि एंबुलेंस चालक अर्जुन प्रजापति ने जानबूझकर नारायण सिंह को एंबुलेंस से फेंक दिया। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तन्वी होटल के पास से एंबुलेंस को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।