सागर-बीना में तेज आंधी-तूफान से बिजली आपूर्ति बाधित, किसान और नागरिक हुए परेशान
सागर जिले के बीना में सोमवार को तेज आंधी और तूफान ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। देहरी रोड पर एक बड़ा पेड़ टूटकर हाइटेंशन लाइन पर गिर गया, जिससे इलाके में दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं, भगतसिंह वार्ड में भी एलटी लाइन के तार टूटने से बिजली सप्लाई रुक गई। इस दौरान शहर के अन्य हिस्सों में भी तार टूटने और केबल फॉल्ट की घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते पूरे दिन बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
इटावा फीडर में देहरी रोड पर पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन में बड़ा फॉल्ट हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद हो गई। विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सुधार कार्य में जुट गए। वहीं मुंगावली फीडर के तहत भगतसिंह वार्ड में भी तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इन समस्याओं के कारण पूरे दिन शहर में कई बार बिजली गुल होती रही, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली कटौती के कारण घरों और दुकानों में कामकाज ठप रहा। दूसरी ओर मंडी में अपनी उपज बेचने के लिए पहुंचे किसान सबसे ज्यादा परेशान नजर आए। बिजली न होने के कारण मंडी में काम धीमा हो गया और आंधी-तूफान की आशंका से किसान अपनी उपज को सुरक्षित करने में जुटे रहे। किसान बरसात की आशंका से इतने डरे हुए थे कि कई लोग बाजार से नई बरसाती खरीदकर लाए ताकि अपनी उपज को ढक सकें। किसानों ने शिकायत की कि समर्थन मूल्य केंद्रों पर हजारों क्विंटल उपज खुले में रखी गई है और खराब मौसम के बावजूद उपज को ढंकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया।
स्थानीय निवासियों और किसानों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि इस तरह की समस्याओं से राहत मिल सके। वहीं, मंडियों में भी उपज को सुरक्षित रखने के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत जताई जा रही है। फिलहाल विद्युत विभाग ने सभी क्षेत्रों में सुधार कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति सामान्य करने की बात कही है।