किसान के डेढ़ लाख रुपए उड़ाए, बैंक के गेट पर चोरी, पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे किये चेक
एमपी के रायसेन जिले के बेगमगंज में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है। यहां के भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य गेट पर एक किसान के डेढ़ लाख रुपए अज्ञात चोरों द्वारा उड़ा लिए गए। घटना से सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुल्तानगंज क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी बालकृष्ण सोलंकी पिता राम सिंह सोलंकी 68 वर्ष अपने केसीसी खाता से पैसे निकालने के लिए एसबीआई बैंक आए हुए थे। उन्होंने खाते से डेढ़ लाख रुपए निकाले और करीब 11:36 बजे बैंक से बाहर निकल गए। लेकिन निकलते ही बैंक के मुख्य गेट पर उनके पैसे अचानक गायब हो गए।
बैंक मैनेजर द्वारा तत्काल मोबाइल पर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलवाया गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो पाया कि किसान के आसपास दो संदिग्ध महिलाएं नजर आ रही हैं। इसके आधार पर पुलिस ने अनुमान लगाया है कि संभवतः उक्त शातिर चोर महिलाओं का ही यह काम हो सकता है। शाखा प्रबंधक तेजस्वी पटेल ने बताया कि कृषक बालकृष्ण सोलंकी अपने केसीसी खाता से पैसे निकालने के लिए बैंक आए हुए थे। जिन्होंने अपना खाता से डेढ़ लाख रुपए निकाले थे और रुपए लेकर बाहर चले गए थे। चोरी की घटना बैंक के बाहर ठीक इंट्री गेट के पास की है।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि घटना का शिकार हुए किसान बालकृष्ण सोलंकी की रिपोर्ट पर मामला दर्जकर बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध महिलाओं की शिनाख्त के साथ तलाश की जा रही है। संभवतः चोर महिलाएं बाहर की हो सकती हैं। जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है। इसके लिए पुलिस दल गठित किए गए हैं। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी होगी।