MP भोपाल : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर राजधानी में कांग्रेस की तिरंगा यात्रा
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, जिसमें पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। इस बड़ी सफलता के बाद शुक्रवार को भोपाल में कांग्रेस ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा शिवाजी महाराज चौराहे से शौर्य स्मारक तक निकाली गई, जिसमें पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, महासचिव संजय कामले, भोपाल शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकियों को शरण देता आया है और इस बार हमारी इंटेलिजेंस और रॉ ने बेहतरीन काम किया, जिससे हम सही जगह पर हमला कर पाए। उमंग सिंघार ने सेना की तारीफ करते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत से डरा हुआ है और कांग्रेस पार्टी ने सेना के मनोबल को बढ़ाने के लिए यह यात्रा निकाली है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान एक नादान बच्चा है, जिसने हमेशा गलतियां की हैं, और समय आ गया है कि पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा बने।
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा कि जब भी कोई भारत की ओर आंख उठाएगा, उसे वही जवाब मिलेगा जो आज हमारी सेना ने दिया है। वहीं विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि पाकिस्तान की यह कायराना हरकत थी, जिसका सेना ने सख्त जवाब दिया है, और पूरा देश अपनी सेनाओं के साथ खड़ा है। सभी नेताओं ने एक सुर में सेना को सलाम किया और देश की एकता व सुरक्षा के लिए कांग्रेस के समर्थन की बात कही।