यात्री बस पलटने से पति-पत्नी और बच्चे सहित पूरा परिवार उजड़ गया | sagar tv news |
एमपी के झाबुआ जिले में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से अहमदाबाद-राजकोट जा रही एक स्लीपर बस (MP 09 PA 0271) अचानक उज्जैन-अहमदाबाद हाईवे 18 पर पलट गई। हादसा पेटलावद थाना क्षेत्र के गांव पत्थरपाड़ा के पास हुआ।तेज़ रफ्तार और असंतुलन की वजह से बस पलटी और कुछ यात्री बस के नीचे दब गए। मौके पर ही 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद आरिफ और उनकी पत्नी फरजाना निवासी जमालपुर, अहमदाबाद और 10 साल के अमन निवासी सिवनी के रूप में हुई है।
हादसे में 13 यात्री बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस से पेटलावद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जैसे ही हादसे की खबर मिली, पेटलावद थाना प्रभारी दिनेश शर्मा और सारंगी चौकी प्रभारी दीपक देवरे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।राहत और बचाव के लिए दो जेसीबी और एक क्रेन लगाई गई और स्थानीय लोगों की मदद से बस को सीधा कर शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद बस ड्राइवर जितेंद्र पटेल, जो इंदौर का रहने वाला है, मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। मौके पर एसडीओपी कमलेश शर्मा, तहसीलदार निगवाल और अन्य अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।