Sagar- ट्रक से पकड़ी 400 पेटी अवैध शराब, ड्राइवर भी हिरासत में | sagar tv news |
सागर में एक ट्रक से करीब 400 पेटी शराब जब्त हुई हैं। जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख से अधिक बताई जा रही है, शराब के जखीरा के साथ पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। बहेरिया थाना पुलिस ने कर्रापुर के पास घेराबंदी कर शराब से भरे ट्रक को पकड़ा है। शराब छतरपुर की तरफ से सागर की ओर लाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार सागर-बंडा रोड पर आयशर ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब का अवैध रूप से परिवहन करने की जानकारी मिली थी। टीम ने कर्रापुर के पास घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा। ट्रक में सवार ड्राइवर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रिऋभ गुप्ता बताया।
मामले में पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें शराब की पेटियां भरी हुई थी। ट्रक जब्त और आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लाई। थाना परिसर में शराब की पेटियां उतारी गई। ट्रक से 400 पेटी शराब जब्त हुई। जिसमें बीयर, अंग्रेजी और देशी शराब शामिल है।
बहेरिया थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शराब छतरपुर की ओर से सागर लाई जा रही थी। गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर से मामले में पूछताछ की जा रही है। शराब कहां से लाई और कहां ले जाई जा रही थी, इस संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।