Sagar | भाजपा-कांग्रेस एकसाथ मेरे खिलाफ षड्यंत्र कर रहे, तंत्रक्रियाएँ कर रहे- भूपेंद्र सिंह का बयान
सागर की राजनीति में अलग ही कहानी चल रही है। नेताओं के बीच के मनमुटाव, जो मन तक सीमित नहीं रह गए हैं। वे भाव अब जुबान पर भी आने लगे हैं। यही कारण है कि अब नेता भी कुछ लोगों के बगैर नाम लिए खुलकर बोल रहे हैं। हाल में ही सियासत की यह जुबानी जंग में एक नया अध्याय पूर्व गृह मंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के बयान को लेकर जुड़ गया हैं, जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ भाजपाई जो कांग्रेस से आए हैं, वे खुरई के विकास को रोकने के लिए न केवल रात में बैठकर साजिश करते हैं, बल्कि पूजा-पाठ, तंत्र क्रियाएं (जादू-टोना) भी कर रहे है
इसके अलावा विधायक भूपेंद्र सिंह ने मंच से भी एक बड़ा बयान दिया है, जिसमें वे खुरई के विकास कार्यों के संबंध में बोल रहे है कि चाणक्य ने कहा है कि जब सारे चोर एकत्रित हो जाए तो समझ लो कि राजा ईमानदार है। उनके विरोधी इसी साजिश में लगे रहते हैं कि खुरई का विकास कैसे रोका जाए। रात में 9 बजे के बाद कांग्रेस से आए भाजपाई एक साथ मिलकर लाक्षागृह में बैठकर प्लान बनाते हैं कि विघ्न डाला जाए। उनके खिलाफ साजिशें की जाती है। पूजा पाठ कराये जाते हैं। तंत्र-क्रियायें व जादू टोना तक भी कराए जा रहे हैं।
बता दें कि खुरई में अस्पताल के शिशु वार्ड का लोकार्पण करने पहुंचे भूपेंद्र सिंह ने यह बयान दिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है