MP: रिटायर्ड फौजी के घर के बाहर फायरिंग, CCTV में कैद हुई घटना
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के मुताबिक, एक युवक चेहरे पर नकाब पहनकर रिटायर्ड फौजी ओमवीर सिंह तोमर के घर के बाहर पहुंचा और वहां फायरिंग कर दी।
यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका फुटेज शनिवार को सामने आया है।गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोली घर के शटर में लगी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग के समय ओमवीर सिंह का परिवार घर में मौजूद था।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस संदिग्ध की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज की मदद ले रही है और इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ओमवीर सिंह का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था, और आशंका है कि यह फायरिंग उसी रंजिश का परिणाम हो सकती है। पुलिस ने सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है