Sagar - एक्शन में कलेक्टर समय पर काम न करने वाले 200 से ज्यादा शासकीय सेवकों पर जुर्माना
सागर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कलेक्टर संदीप जीआर बार-बार निर्देश व समझाइश दे रहे हैं। इसके बावजूद शासकीय सेवक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। समयसीमा में काम न करने वालों में सबसे ज्यादा लापरवाही लोक सेवा केंद्रों पर बरती जा रही है, जिसके चलते कलेक्टर ने अब तक 202 शासकीय सेवकों पर एक लाख 25 हजार 800 रुपए से अधिक की राशि जुर्माने के रूप में वसूली है। सभी को चेतावनी पत्र देते हुए स्पष्ट रूप से कहा गया है
कि यदि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में होती है, तो आपके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि शासकीय कार्य समयसीमा में संपन्न करने के लिए लोक सेवा केंद्र के माध्यम से अनेक योजनाओं का कार्य किया जाता है। काम के अनुसार सबकी समय सीमा भी तय की गई, लेकिन देखने में आता है कि कई बार लोक सेवा केंद्र के माध्यम से भी समयसीमा में काम नहीं हो रहे हैं, जिसके चलते अब संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
जिन शासकीय सेवकों पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें विवाह का पंजीयन, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, तहसील स्तरीय रिकॉर्ड रूम से अभिलेख, नक्शा, अभिलेख की सत्यापित प्रतिलिपि, आय प्रमाण पत्र, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना प्रथम बार स्वीकृत एवं प्रदान करना सहित अन्य योजनाओं का समय सीमा में निराकरण न करने पर 250 से लेकर 2000 रुपए तक का जुर्माना लगाया गया है।