Sagar - लकड़ी टाल पर वन विभाग का छापा, बड़ी मात्रा में लाखों का सागौन जब्त, दो आरा मिल सील किए
सागर में वन विभाग ने अवैध सागौन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोतीनगर थाना क्षेत्र में संचालित दो आरा मिल को सील किया है। वहीं आरा मिल से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ियां जब्त कीं गईं हैं। वन विभाग का अमला देर शाम तक मिल पर कार्रवाई करता रहा। जब्त की गई सागौन कहां से लाई गई थी और किस आधार पर कार्रवाई की जा रही है, इस बात की जानकारी देने कोई भी अधिकारी तैयार नहीं है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को वन विभाग का अमला दल-बल के साथ मोतीनगर क्षेत्र में नरयावली नाका मुक्तिधाम के पास स्थित अमित मिश्रा की आरा मिल पर पहुंचा और यहां रखे सागौन को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। इसके अलावा बायपास पर संचालित कृष्णा शॉ मिल को भी वन विभाग ने सील किया है, वह भी अमित मिश्रा के ही परिवार की बताई जा रही है। कार्रवाई में शामिल दक्षिण वन मंडल के रेंजर से बात करना चाहा, लेकिन उन्होंने जानकारी देने से मना कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि आरा मिलों पर की गई यह कार्रवाई मुख्य रूप से बैतूल जिले से आई वन विभाग की टीम कर रही है। टीम रविवार शाम को सागर पहुंची थी, जहां दक्षिण वन मंडल के अधिकारियों के साथ आरा मिल पर दबिश देते हुए उसे सील कराया था। इसके बाद सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे 15 से 20 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम ट्रक व दो छोटे मालवाहक लेकर दोबारा आरा मिल पर पहुंचे, वहां रखे सागौन की जब्ती शुरू की।