सागर-गंदगी मिलने पर कंपनी को नोटिस, SDM और नपाध्यक्ष का निरीक्षण, साफ-सफाई ,नाले की व्यवस्था पर फोकस
सागर जिले के बीना में मानसून के पहले तैयारियों को लेकर नगर प्रशासन सक्रिय हो गया है। बीना एसडीएम विजय डेहरिया और नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने शुक्रवार को शहर के कई वार्डों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई और अवैध कॉलोनियों से जुड़े मामलों का जायजा लिया। बारिश से पहले बीना नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। एसडीएम विजय डेहरिया और नपाध्यक्ष लता सकवार ने खिरिया वार्ड, मढिया वार्ड और मनोरमा वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
वार्ड में गंदगी मिलने पर मुकदम और सफाईकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, वहीं कचरा वाहन न पहुंचने पर एबी इंफ्रा कंपनी को नोटिस जारी करने के लिए कहा गया है। मनोरमा वार्ड में बजरा घाट के पास कट रही अवैध कॉलोनी पर भी एसडीएम ने संज्ञान लेते हुए नगर पालिका से जानकारी मांगी है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कचरा प्लांट स्टेशन का भी जायजा लिया। वहां कचरे की गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलने पर कंपनी को नोटिस और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस निरीक्षण में नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया, स्वच्छता प्रभारी, संबंधित वार्ड मुकदम और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।