सड़क किनारे त-ड़-प-ते युवक की मौ-त, पुलिस की बेरुखी आई सामने, CCTV में कैद हुई संवेदनहीनता
एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े एक युवक को न केवल बाइक से कुचला गया, बल्कि पुलिस की बेरुखी और लापरवाही ने उसकी जान तक ले ली। यह दर्दनाक मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिससे पुलिस की अमानवीयता भी साफ़ तौर पर उजागर होती है। एमपी के शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र का है, जहाँ रीवा-अमरकंटक स्टेट हाईवे पर स्थित रीजनल कॉलोनी के पास संतोष लोधी नामक युवक रात के अंधेरे में सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा था।
इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने संतोष पर बाइक चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। लेकिन इस घटना का सबसे शर्मनाक पहलू तब सामने आया जब धनपुरी पुलिस की गश्त टीम मौके पर पहुँची, मगर घायल युवक को अस्पताल ले जाने की बजाय, उसे बस सड़क किनारे रखकर चली गई। इलाज के अभाव में युवक पूरी रात तड़पता रहा और सुबह उसकी जान चली गई।
पूरी घटना पास की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि पहले कैसे बाइक सवार युवक को रौंदते हैं और फिर कैसे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर भी उसे अनदेखा कर चले जाते हैं। यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की संवेदनहीनता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
रामजी श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक शहडोल ने बताया कि शराब पिए हुए एक व्यक्ति के ऊपर बाइक चढ़ी थी। पुलिस की गश्त टीम मौके पर पहुँची और एंबुलेंस कॉल करने के बाद घायल को सड़क किनारे सुरक्षित किया गया। फिर भी मामले की जाँच कर जो भी लापरवाह पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।