Sagar- तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी, जाने अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम
नौतपा खत्म होने के बाद सागर में प्री-मानसून एक्टिविटी तेज हो गई हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार सुबह से आसमान में बादलों का डेरा है। बूंदाबांदी के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उधर, ग्रामीण इलाकों में हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। मंगलवार दोपहर सागर शहर और इससे लगे आसपास के ग्रामों में काले-घने बादल छाए। हवाओ के साथ हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, वेदर सिस्टम सक्रिय होने से मौसम बदला है। प्रदेश समेत सागर जिले में बारिश होने की संभावना है। आगामी 24 घंटे मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस बार 10 जून तक प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है। जिसके बाद मानसून सागर पहुंचेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, मई महीने में भीषण गर्मी की बजाय आंधी-बारिश का दौर चलता रहा। मई की शुरुआत से आखिरी तक प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन, पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ की एक्टिविटी देखने को मिली। लगातार सिस्टम सक्रिय होते रहे। इस कारण से आंधी-बारिश का दौर भी चलता रहा। हवा और बारिश के कारण इस बार मई माह में गर्मी के तेवर नरम रहे।