70 साल लिव-इन में रहने के बाद, 95 के साल दूल्हे की 90 साल की दुल्हन से शादी
95 साल का दूल्हा, 90 साल की दुल्हन जी हाँ प्यार की कोई उम्र नहीं होती ये कहावत तो आपने भी सुनी होगी लेकिन इस कहावत को हकीकत में बदलते हुए 95 साल के दूल्हा और 90 साल की दुल्हन ने अनोखी शादी रचाई। और इतना ही नहीं, 70 साल लिव-इन में रहने के बाद प्रेमी जोड़े ने आखिरकार शादी कर ली। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के गलंदर गांव में यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई है। दरअसल, 95 साल के रामा भाई अंगारी और 90 साल की जीवली देवी ने 70 साल लिव-इन में रहने के बाद अब शादी की। दोनों के आठ बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और चार बेटियां हैं। इनमें से कई सरकारी नौकरी में भी हैं। शादी की इच्छा बुजुर्ग दंपती ने हाल ही में अपने बच्चों से जताई, जिसे पूरे परिवार ने खुशी-खुशी स्वीकारा और पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी करवाई। एक जून को हल्दी और लग्न की रस्म हुई, जबकि बुधवार को बिंदौरी में बेटे, पोते और गांव वालों ने DJ पर जमकर डांस किया। सात फेरों के साथ यह अनूठा विवाह संपन्न हुआ। अब यह शादी गांव के लिए यादगार बन गई।