कोरियोग्राफर युवक की संदिग्ध मौत का खुलासा, पारिवारिक संबंधों में उलझा मामला | Indore News
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र से लापता हुए कोरियोग्राफर अमित पाल की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। युवक का शव कुछ दिन पहले सिमरोल के जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को संदेह के आधार पर पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि आरोपियों में मुख्य भूमिका जयेश नामक युवक की पाई गई है, जो मृतक का रिश्तेदार भी है। शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि अमित जिस युवती को अपनी मुंह बोली बहन मानता था और साथ रखता था, उससे जयेश एक तरफा प्यार करने लगा था। लेकिन, कुछ पार्टियों में जयेश को शक हुआ कि अमित और युवती के बीच बहन जैसा रिश्ता नहीं है। इस के बाद वो अमित से खुन्नस खाने लगा था। बाद में जब आरोपी जयेश को पता चला कि वह युवती की शादी कहीं और करवाने वाला है तो उससे रहा नहीं गया। उसने अपने दोस्तों को ये बात बताई और अमित को रास्ते से हटाने के लिए प्लॉनिंग कर सिमरोल के जंगल में पार्टी के लिए बुला लिया।
अमित अपने बड़े भाई अमन का 1 जून की रात बर्थ डे मनाने के बाद चचेरे भाई के बुलाने पर सिमरोल क्षेत्र में पार्टी मनाने के लिए गया था। वहीं उसे टारगेट कर मार दिया गया। उसकी एक्टिवा फारेस्ट चौकी के पास लावारिस छोड़ दिया। उसके रुपए भी आरोपियों ने बांट लिए थे।हत्या को लेकर पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।