Sagar - मिठाई में मिलावट की शिकायत पर कार्रवाई, सैंपल जब्त - होटल को नोटिस
एमपी के सागर जिले की बीना शहर में मिठाइयों में मिलावट की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने बीकानेर होटल में दबिश दी। जांच के दौरान होटल की साफ-सफाई की हालत बेहद खराब पाई गई, जिस पर टीम ने मिठाई के सैंपल लेकर होटल संचालक को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया। मामला बीना के प्रसिद्ध बीकानेर होटल का है, जहां मिठाई में मिलावट की आशंका जताते हुए सागर जिला खाद्य विभाग को शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लिए। इस दौरान साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति मिलने पर होटल को नोटिस थमा दिया गया।
प्रदीप राय शिकायतकर्ता ने बताया कि "हमें शक था कि यहां मिठाई में कुछ गड़बड़ है, इसलिए शिकायत की। उम्मीद है कि अब सख्त कार्रवाई होगी।" टीम ने होटल के गोदाम का भी निरीक्षण किया, जहां गंदगी और अनुचित भंडारण व्यवस्था देखकर कड़े निर्देश दिए गए। प्रीति राय खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सागर ने बताया कि "हमने मिठाई के सैंपल लिए हैं और सफाई नहीं मिलने पर होटल को नोटिस जारी किया गया है। सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।" खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से बीना में मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन आगे भी इस तरह की छापेमारी कर मिलावटखोरों पर नकेल कसेगा।