NDA में MP की नव्या का चयन, MP की पहली फ्लाइंग ऑफिसर बनेगी
मध्यप्रदेश की बेटी नव्या NDA में सिलेक्शन हुआ है। वो MP की पहली फ्लाइंग ऑफिसर बनेगी। उज्जैन की 18 साल की नव्या तिवारी ने पहली ही कोशिश में नेशनल डिफेंस एकेडमी NDA परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया है। वह मध्यप्रदेश की पहली लड़की होंगी, जो NDA से ट्रेनिंग लेकर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनेंगी। नव्या ने बताया कि वह कर्नल सोफिया कुरैशी और फ्लाइट लेफ्टिनेंट व्योमिका सिंह जैसी महिला अधिकारियों से प्रेरित हैं और देशसेवा के लिए समर्पित हैं।
नव्या के पिता नवलेश तिवारी और मां संध्या तिवारी उज्जैन के निजातपुरा में रहते हैं। चयन की खबर मिलते ही नव्या के घर और स्कूल में जश्न का माहौल बन गया। बुधवार को जब नव्या अपने स्कूल पहुंचीं, तो शिक्षकों और सहपाठियों ने मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। स्कूल के डायरेक्टर महेश थायरानी और प्रिंसिपल गीता गर्ग ने उन्हें उज्जैन और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
नव्या ने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई राजस्थान के सीकर स्थित प्रिंस सैनिक स्कूल से की और हाल ही में 12वीं में 90% अंक हासिल किए। सितंबर 2024 में NDA की परीक्षा में 4 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया था, जिसमें से केवल 8000 अभ्यर्थियों ने रिटन एग्जाम पास किया। नव्या ने जनवरी 2025 में वाराणसी में आयोजित SSB इंटरव्यू राउंड में हिस्सा लिया और मध्यप्रदेश से चयनित एकमात्र अभ्यर्थी बनीं।