सागर पुलिस के सामने महिलाओं की पिटाई, कानून व्यवस्था चौपट, देखिए
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम खमरिया से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. अपनी कृषि भूमि पर सीमांकन कराने पहुंची बुजुर्ग महिला के साथ न केवल आधा दर्जन महिलाओं ने बल्कि एक पुरुष ने भी सरेआम मारपीट की- वो भी पुलिस की मौजूदगी में. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है. पीड़िता महिला का आरोप है कि वह अपनी कृषि भूमि की सीमाएं स्पष्ट कराने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची थी.
इसके लिए उसने करीब ₹25,000 की राजस्व शुल्क की राशि भी जमा की थी. लेकिन मौके पर पहुंचे ही दूसरे पक्ष के लोगों ने न केवल उससे बदसलूकी की बल्कि मारपीट की. घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू ये रहा कि जब यह सब कुछ हो रहा था, उस वक्त पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे. बावजूद इसके, उन्होंने न तो पीड़िता को बचाया और न ही हमलावरों को रोका. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता ने हमलावरों के हौसले बुलंद कर दिए. सागर पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं और कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है