नेशनल हाईवे 52 पर ड्राइवर को आई झपकी, 2 महिला सहित 4 की मौत, 5 घायल | sagar tv news |
एमपी के राजगढ़ जिले के पचोर में नेशनल हाईवे 52 पर एक एक्सयूवी 500 कार हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 2 महिला सहित 4 लोगों की जान चली गई और 5 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग अयोध्या से सूरत जा रहे थे। पचोर में नेशनल हाईवे पर ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे हादसा हो गया।
हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए अहमदाबाद जा रहे एक एम्बुलेंस चालक और ट्रक ड्राइवरों ने मिलकर कार का दरवाजा तोड़ा। उन्होंने शवों और घायलों को बाहर निकाला। पचोर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को पचोर एम्बुलेंस से पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल और सारंगपुर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर दीपक पाटीदार ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों की स्थिति गंभीर है। दुर्घटना की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। घटना के समय पिता भोलेनाथ दुबे दूसरे वाहन में थे।
मौके पर मौजूद आयुष दुबे ने बताया कि ड्राइवर ने बोला था कि नींद की झपकी आ रही है, जिसके बाद उन्होंने ढाबे पर चाय पी और फिर निकले, तो यह हादसा हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।