जनता ने खोली मंत्री के विकास की पोल सड़क तो ठीक पानी भी नहीं मिल रहा
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले की पथरिया जनपद के ग्राम सजिया हार ग्राम पंचायत सिजनीपुर तहसील पथरिया से एक मामला सामने आया है, जहां लोगों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण वे आक्रोशित हो गए हैं। ग्रामवासी सड़क और पानी की मांग को लेकर दमोह कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां पर कलेक्टर को उन्होंने अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामवासियों ने बताया कि ग्राम में सड़कें और पानी नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। परिवार में परिजनों को पानी के लिए भी काफी दूर जाना पड़ता है और जिनके यहां बोर है वे लोग कभी-कभी पानी को लेकर भी विवाद करने के साथ ही पानी भरने के लिए भी मना कर देते हैं।
यह समस्या ग्राम में काफी समय से है, जिसका निराकरण ना हो पाना अपने आप में गंभीर विषय है। जबकि यहां पर मध्य प्रदेश के राज्यमंत्री लखन पटेल इस क्षेत्र से विधायक भी हैं। बावजूद इसके लोगों को मूलभूत सुविधाएं न मिलना भी अपने आप में गंभीर विषय है, जिस पर मंत्री जी को भी संज्ञान लेना चाहिए। फिलहाल दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा ग्राम पंचायत पहुंचकर निरीक्षण करने की बात सामने आई है।
इसके बाद ग्राम वासियों को होने वाली परेशानियों का निराकरण करवाया जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और ग्रामवासियों की समस्या का समाधान कर पाता है या नहीं। यह मामला दमोह जिले में मूलभूत सुविधाओं की कमी को उजागर करता है। ग्रामवासियों की समस्या का समाधान करना प्रशासन और राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि प्रशासन और राज्यमंत्री इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और ग्रामवासियों की समस्या का समाधान कर पाते हैं या नहीं।