सागर-सड़क में भारी गड्ढे, स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब
सागर जिले के जरूवाखेड़ा के कनेरा निखर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के अंतर्गत बनी सड़क पर भारी वाहनों के प्रवेश से सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, मुगरयाऊ टोल टैक्स बचाने के लिए भारी वाहन इस सड़क से निकलते हैं, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और जगह-जगह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। कनेरा निखर के ग्रामीणों ने बताया कि बरसात अभी शुरू भी नहीं हुई है और कमर तक सड़क पर पानी भरने लगा है। इसमें आए दिन स्कूल के बच्चे और वाहन चालक गिर जाते हैं। एक दिन एक छात्रा स्कूल जाते वक्त गड्ढे में गिर गई थी, गनीमत रही मौके पर लोग थे जिन्होंने उसे तत्काल निकाला, लेकिन तब तक उसके पेट में पानी भर चुका था।
ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल स्कूल परिसर के सामने आधा किलोमीटर की सड़क पर पानी भर जाता है, जिसकी मरम्मत और पानी निकालने की व्यवस्था जल्द कराई जाए, जिससे बच्चे स्कूल और राहगीर अपने घर पहुंच सकें। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत ग्राम पंचायत और पीडब्ल्यूडी विभाग में स्कूल के शिक्षकों ने की है, लेकिन इस ओर किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। स्कूल के बच्चों ने भी बताया कि कभी फिसल कर गिर जाते हैं और काफी पुस्तक भी गीली हो जाती हैं और डर लगता है पानी में डूबने का।
ग्रामीणों और बच्चों की मांग है कि इस सड़क की मरम्मत कराई जाए और पानी निकालने की व्यवस्था की जाए, ताकि वे सुरक्षित रूप से स्कूल जा सकें। कनेरा निखर की यह सड़क न केवल छात्रों के लिए बल्कि राहगीरों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए और जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।