बारिश के मौसम में आबादी वाले इलाके में घुसा मगरमच्छ और फिर फारेस्ट टीम ने किया रेस्क्यू
एमपी के शिवपुरी में बारिश के मौसम में जंगली जीव-जंतु आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार सुबह शिवा नगर में सामने आया, जहाँ एक मगरमच्छ घर के बाहर लगे बगीचे में पहुँच गया। घटना शिवा नगर स्थित एमआईजी–12 निवासी श्रीमती बिटोली देवी तोमर के घर की है। जब वे सुबह घर के बाहर बने बगीचे की सफाई कर रही थीं, तभी उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक मगरमच्छ पर पड़ी। पहले तो वे घबरा गईं, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने परिजनों को जानकारी दी और तुरंत फॉरेस्ट विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फॉरेस्ट टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन देरी के चलते परिजनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए रस्सी से फंदा बनाकर मगरमच्छ को काबू में कर लिया। परिजनों की इस सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। कुछ देर बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया और उसे चांदपाठा क्षेत्र में छोड़ दिया। फॉरेस्ट टीम ने परिजनों को धन्यवाद दिया और उन्हें भविष्य में ऐसी स्थितियों में सावधानी बरतने की सलाह दी।
बारिश के मौसम में जंगली जीव-जंतुओं का आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना आम बात है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और वन विभाग को तुरंत सूचना देनी चाहिए। इस मामले में परिजनों की सूझबूझ और फॉरेस्ट टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।