सागर में रावतपुरा सरकार पहुंचे गंगा आरती में, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
सागर के लाखा बंजारा झील के पावन तट पर सोमवार की शाम एक दिव्य और अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जब श्री श्री 108 रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार ने स्वयं नवग्रह मंडपम घाट पर गंगा आरती में भाग लिया और विधिविधान से पूजन किया। आरती में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और श्रद्धालु शामिल हुए और संत का सानिध्य प्राप्त कर धर्मलाभ अर्जित किया। महाराज ने आरती से पूर्व माँ शीतला, विट्ठल मंदिर और अन्य मंदिरों के दर्शन किए। वहीं, स्थानीय कलाकारों के बरेदी और रास नृत्य के माध्यम से उनका भव्य स्वागत किया गया।
आरती के दौरान संत समाज, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बारिश के मद्देनज़र विशेष पंडाल की व्यवस्था की गई थी। केला, पेड़ा जैसी प्रसाद सामग्री का वितरण और रंगीन आतिशबाज़ी ने भी माहौल को और भक्तिमय बना दिया। यह आरती आयोजन नगर निगम और स्मार्ट सिटी के संयुक्त प्रयास से हर सोमवार को आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को जागृत करना है,
बल्कि लाखा बंजारा झील की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जनजागरूकता लाना भी है। जो भी नागरिक गंगा आरती के यजमान बनना चाहें, वे आरती से 30 मिनट पूर्व चकराघाट पर श्री अंकित दीक्षित या पुजारी जनों से संपर्क कर सकते हैं। गंगा आरती के इस आयोजन ने सागर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को एक नई ऊर्जा दी है। रावतपुरा सरकार का आगमन श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आनंद का संगम बन गया।