Sagar- बारिश में दलदल बनी सड़क, अनशन पर ग्रामीण, कलेक्टर को बुला रहे मौके पर
एक पक्की सड़क की मांग को लेकर सागर जिले के देवरी जनपद की ग्राम पंचायत खमरिया टपरिया टोला के ग्रामीणों ने तीसरी बार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत खमरिया के टपरिया टोला के दर्जनों ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी बुनियादी सुविधा की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बैठ गए है।
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 7 जुलाई से शुरू हुई है आज हड़ताल का तीसरा दिन है। हड़ताल शुरू करने के पहले ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी थी। फिर भी ग्रामीणों की मांग पर ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि वे तीसरी बार सड़क की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, परंतु हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। इस बार उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक पक्की सड़क का निर्माण कार्य उनकी आंखों के सामने शुरू नहीं होगा, तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे।
"जगह-जगह कीचड़ और दलदल से जूझते हुए ग्रामीण अब आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। इस बार हड़ताल में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हुए हैं।"
"यह तस्वीरें किसी जंगल की नहीं, बल्कि खमरिया टपरिया टोला की हैं। जहां बारिश आते ही सड़क तालाब बन जाती है। इसी रास्ते से ग्रामीण और बच्चे स्कूल जाते हैं, बीमारों को इलाज के लिए ले जाया जाता है, और यही रास्ता अब इनका सबसे बड़ा दर्द बन चुका है।"ग्रामीण तीन साल से आवेदन दे रहे हैं, दो बार भूख हड़ताल कर चुके हैं, मंत्री और सीईओ ने आश्वासन दिया, पर काम नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक कलेक्टर मौके पर आकर स्थिति का जायजा नहीं लेते और सड़क निर्माण की शुरुआत नहीं होती – तब तक यह अनशन जारी रहेगा।