Sagar - भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों का सब्र टूटा, तेंदूखेड़ा-महाराजपुर रोड किया जाम
सागर जिले की देवरी में भूख हड़ताल पर बैठे खमरिया के टपरिया टोला गांव के लोगो ने तेंदूखेड़ा महाराजपुर रोड पर चक्का जाम कर दिया। प्रशासन ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। दरअसल, टपरिया टोला गांव में पक्की सड़क न होने से परेशान ग्रामीण 7 जुलाई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। लेकिन प्रशासन ने उनकी कोई सुध नहीं ली। जिसके बाद सोमवार को गांव वालो का सब्र टूट गया। ग्रामीणों ने तेंदूखेड़ा- महाराजपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम जाम की वजह से एक घंटे तक तेंदूखेड़ा–महाराजपुर रोड पर आवागमन पूरी तरह वाधित रहा। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद यब तहसीलदार समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि गांव में पक्की सड़क न होने से बरसात के दौरान कच्चे रास्ते में कीचड़ हो जाता है। अगर कोई बीमार हो जाये तो गांव तक एम्बुलेंस भी नहीं पहुंच पाती। समस्याओं को सुनकर अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। तब जाकर प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया।