4.5 करोड़ की अवैध लाल चंदन बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार sagar tv news
मध्यप्रदेश के मंदसौर पुलिस ने लाल चंदन की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2260 किलोग्राम लाल (रक्त) चंदन बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना पिपलियामंडी पुलिस द्वारा 16 जुलाई 2025 को की गई, जिसमें दो तस्कर गिरफ्तार किए गए और एक फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी फिल्मों से प्रेरित होकर अवैध रूप से रक्त चंदन की तस्करी कर रहे थे। ये लोग आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों से चंदन लाकर उसे महंगे दामों में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के निर्देश पर लगातार अवैध कारोबार पर नजर रखी जा रही थी। 16 जुलाई को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक आयशर ट्रैक्टर (MP 44 AB 7371) में भारी मात्रा में लाल चंदन मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी में 180 गठ्ठे लाल चंदन मिले, जिनका कुल वजन करीब 2260 किलोग्राम था। जब्त किए गए चंदन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यतिन्द्र पिता विष्णुलाल राठोर, उम्र 34 वर्ष, निवासी दलपतपुरा थाना जीरन, अजय पिता श्यामलाल भील, उम्र 19 वर्ष, निवासी दलपतपुरा थाना जीरन, वहीं गिरोह का मुख्य सरगना राजेन्द्र उर्फ राजु भाई उर्फ सलीम भाई पिता सालीग्राम पाटीदार, निवासी गोगरपुरा फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
रक्त चंदन, जिसे आमतौर पर लाल चंदन कहा जाता है, भारत में मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी घाट की पर्वत श्रृंखलाओं जैसे शेषाचलम, वेलिगोडा, लंकामला और पालकोडा में पाया जाता है। यह एक दुर्लभ प्रजाति है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी बहुत ज्यादा मांग रहती है, खासकर लक्जरी फर्नीचर, सजावटी वस्तुएं और जड़ी-बूटी के लिए। फरार आरोपी की तलाश तेज़ है और पुलिस ने जल्द गिरफ़्तारी का भरोसा दिलाया है।