Sagar - खाद-बीज की दुकान पर प्रशासन का अचानक छापा, हो सकती है एफआईआर
सागर जिले के शाहपुर में खाद-बीज की कालाबाज़ारी और अनियमितताओं पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सागर कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम अदिति यादव और तहसीलदार हरीश लालवानी के नेतृत्व में शाहपुर में संचालित संयम जैन की खाद-बीज की दुकान पर अचानक छापेमारी की गई। छापे के दौरान कृषि विभाग के अधिकारी, पटवारी और शाहपुर चौकी प्रभारी राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। दुकान में रखे खाद के बोरों और स्टॉक की गिनती का काम जारी है, जिसके बाद अनियमितता की स्थिति में शाम तक एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है।
टीम ने दुकान में रखे विभिन्न उर्वरकों और बीजों का स्टॉक मिलान किया और दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की। जानकारी के मुताबिक, दुकान पर अचानक दबिश के चलते व्यापारी भी हैरान रह गया। सागर जिले में लगातार मिल रही खाद-बीज की कालाबाज़ारी और अवैध भंडारण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सागर कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत शाहपुर में यह कार्रवाई की गई।
फिलहाल गिनती और दस्तावेज़ों के सत्यापन का काम चल रहा है। यदि अनियमितता पाई गई तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य खाद-बीज विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति बन गई है। जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।