पति पर चाकू से हमला, पत्नी का गुस्सा हुआ बेकाबू, बेटी ने बचाई जान!, वीडियो आया सामने
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की सैलाना तहसील से पति-पत्नी के झगड़े का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पत्नी हाथ में बड़ा सा चाकू लिए अपने पति पर वार कर रही है और वहीं मासूम बेटी मां को पीछे से पकड़कर रोकने की कोशिश करती दिख रही है। इस हमले में पति के हाथ पर गंभीर चोटें आईं और उसे 17 टांके लगे हैं। यह घटना सैलाना नगर के लक्ष्मी मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, फिरोज खान नामक युवक का अपनी पत्नी मुस्कान के साथ पिछले चार साल से विवाद चल रहा था और मुस्कान अपने मायके में रह रही थी।
18 जुलाई को किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, जो इतनी बढ़ी कि मुस्कान ने चाकू उठा लिया और फिरोज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि फिरोज खुद को बचाने के लिए पत्नी का हाथ पकड़ने की कोशिश करता है, मगर तब तक उसके हाथ में चाकू लग जाता है। पीछे एक छोटी बच्ची मां को रोकने की कोशिश कर रही है, लेकिन गुस्से में बेकाबू मुस्कान नहीं रुकती। हमले में फिरोज के हाथ पर गहरी चोट आई।
परिजनों ने तुरंत उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ पर 17 टांके लगाए। करीब 4 घंटे इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं, फिरोज की शिकायत पर पुलिस ने मुस्कान के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर, मुस्कान की ओर से भी फिरोज पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की गई, जिस पर पुलिस ने फिरोज के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
सैलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र गडारिया ने बताया कि यह मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद का नतीजा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पत्नी मुस्कान हाथ में चाकू लिए पति पर हमला करती दिख रही है और पति खुद को बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। वीडियो में पीछे से बच्ची भी मां को रोकने की भरपूर कोशिश करती है, लेकिन नाकाम रहती है।