Sagar- 2 किलोमीटर बाइक पर बैठा रहा ज़हरीला रसैल वाइपर | रेस्क्यू का लाइव वीडियो वायरल
सागर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक छात्र करीब 2 किलोमीटर तक मौत को अपने साथ बाइक पर बैठाकर घुमाता रहा, लेकिन उसे इसका अंदाज़ा भी नहीं था। जब बाइक सर्विसिंग के लिए सर्विस सेंटर पहुंची, तब जाकर राज़ खुला। बाइक की सीट के नीचे छुपा था दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक रसैल वाइपर। इस खतरनाक रेस्क्यू का लाइव वीडियो अब वायरल हो रहा है। मामला सागर के सिविल लाइन इलाके के एक बाइक सर्विस सेंटर का है।
जानकारी के मुताबिक, एक छात्र अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर सर्विस सेंटर पहुंचा। जैसे ही बाइक की सीट खोली गई, वहां मौजूद सभी लोगों की सांसें थम गईं। सीट के नीचे बेहद ज़हरीला रसैल वाइपर छुपा बैठा था। यह वही रसैल वाइपर है, जिसके ज़हर से चंद मिनटों में इंसान की मौत हो सकती है। छात्र ने बताया कि वह इस बाइक को चलाकर करीब 2 किलोमीटर दूर से यहां तक लाया था, लेकिन उसे ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि उसकी बाइक में मौत भी सवार है।
जैसे ही सांप दिखा, सर्विस सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत सागर के मशहूर स्नैक कैचर अकील बाबा को बुलाया गया। अकील बाबा अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानी से रेस्क्यू शुरू किया। करीब कुछ मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने रसैल वाइपर को बाइक से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान वहां मौजूद लोग सांसें थामे सब देख रहे थे और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी किसी ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अकील बाबा ने बताया, यह रसैल वाइपर प्रजाति का सांप है, जो दुनिया के सबसे ज़हरीले सांपों में गिना जाता है। इसके काटने पर कुछ ही मिनटों में इंसान की जान जा सकती है। बारिश के मौसम में ऐसे सांप अक्सर छुपने के लिए वाहनों और घरों के आसपास घुस जाते हैं। इसलिए सभी को बेहद सावधान रहने की ज़रूरत है। बारिश का मौसम शुरू होते ही ज़हरीले जीव-जंतु बाहर निकल आते हैं। स्नैक कैचर अकील बाबा ने लोगों से अपील की है कि गाड़ियों को इस्तेमाल करने से पहले ध्यान से चेक करें, और अगर कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने की बजाय तुरंत स्नैक कैचर या वन विभाग को सूचना दें।