प्रेमी संग रह रही बहू बोली नहीं दिए दो लाख तो कर दूंगी , सोनम-राजा रघुवंशी जैसा और फिर sagar tv news
जनसुनवाई के दौरान एक अजीब मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष ने बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह दो लाख रुपये की मांग कर रही है और न देने पर ‘सोनम-राजा रघुवंशी जैसा कांड’ करने की धमकी दे रही है। मामला अब महिला थाना की जांच में है। मध्यप्रदेश के हरदा जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जनसुनवाई में अर्जुन बघेल नाम के व्यक्ति ने अपनी बहू नीलम पर सनसनीखेज आरोप लगाए।
अर्जुन बघेल ने बताया कि उसके बेटे विशाल बघेल का विवाह इसी साल 6 फरवरी को खंडवा जिले की पुनासा तहसील निवासी नीलम से हुआ था। लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही नीलम मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। बघेल परिवार के मुताबिक, जब बेटा विशाल अपनी पत्नी को वापस लाने ससुराल गया, तो नीलम ने घर आने से साफ इंकार कर दिया और कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। परिवार के लाख समझाने पर भी नीलम नहीं मानी।
शिकायत में अर्जुन बघेल ने दावा किया कि बहू नीलम ने कहा –मुझे जाने दो, वरना मैं तुम्हारे बेटे विशाल के साथ सोनम-राजा रघुवंशी जैसा कांड कर दूंगी, जिससे न तुम्हारा बेटा रहेगा और मेरी भी समस्या खत्म हो जाएगी। इसके बाद 26 मई को दोनों पक्षों की सहमति से एक हजार रुपए के स्टांप पर तलाकनामे पर दस्तखत कराए गए और गवाहों के सामने नीलम को 90 हजार रुपये भी दिए गए। बघेल परिवार का आरोप है कि कुछ दिन बाद नीलम के भाई सतीश ने फोन कर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराने की धमकी दी।
इसके बाद नीलम ने भी फोन कर दो लाख रुपए की मांग की और पैसे न देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। अर्जुन बघेल, शिकायतकर्ता ससुर का कहना है कि “हमने तो आपसी सहमति से तलाक कराया और पैसे भी दिए, लेकिन अब फिर से पैसों की डिमांड और धमकियाँ दी जा रही हैं।” महिला थाना प्रभारी अंजना पाटिल ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली है। दोनों पक्षों ने सहमति से तलाकनामे पर दस्तखत किए हैं और अब मामले की जांच जारी है।