MP में हाथकड़ी पहने वारंटी ने पुलिस कस्टडी में बनाई रील, वीडियो सामने आने के बाद खड़े हुए सवाल
जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की कस्टडी में ले जाए जा रहे एक स्थाई वारंटी ने फिल्मी गाने पर रील बना डाली। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि युवक के हाथों में हथकड़ी थी, पुलिस कर्मी भी उसके साथ ही थे, लेकिन किसी ने उसे रील बनाने से नहीं रोका। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,
जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरा मामला रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 13 जुलाई 2025 को चोरहटा पुलिस की टीम शासकीय वाहन क्रमांक एमपी 03 ए 7104 में तीन स्थाई वारंटियों को न्यायालय ले जा रही थी। इस टीम में प्रधान आरक्षक पुष्पराज बागरी, आरक्षक शिव मूर्ति मिश्रा, अनूप त्रिपाठी, ऋतुराज साकेत और महिला आरक्षक आशिता सिंह शामिल थे।
न्यायालय ले जाते समय पुलिस वाहन में ही एक वारंटी युवक ने तेरी चढ़ती जवानी मेरा पारा गोरी गाने पर मोबाइल से रील बनाई। सबसे हैरानी की बात ये रही कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी किसी ने उसे ऐसा करने से नहीं रोका। अब यह रील सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। वीडियो में साफ नजर आता है कि युवक के हाथों में हथकड़ी भी लगी हुई है और वह मजे से फिल्मी अंदाज में एक्ट कर रहा है। यह देखकर लोग सोशल मीडिया पर पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
इस पूरे मामले पर एडिशनल एसपी रीवा, आरती सिंह ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी आरोपी या वारंटी ने पुलिस कस्टडी में रील बनाई हो। इससे पहले भी कई बार अपराधियों द्वारा रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन हर बार पुलिस की ओर से सिर्फ जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।