10 हज़ार श्रद्धालुओं की भव्य कांवड़ यात्रा ,भोलेनाथ के जयघोष से गूंज उठा पाली नगर
सावन मास के पवित्र सोमवार पर नगर पूरी तरह भोलेनाथ की भक्ति में रंगा नजर आया। माँ बिरासिनी सेवा समिति एवं नगरवासियों के तत्वावधान में निकली विशाल कांवड़ यात्रा ने नगर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। एमपी के उमरिया जिले की पाली में सुबह 9 बजे सरस्वती स्कूल ग्राउंड के समीप के अमहाई झिरिया से शुरू हुई यह यात्रा बाबा पंचलेश्वर धाम, ग्राम बरबसपुर तक पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल अर्पित किया। लगभग 7 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में करीब 10,000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भक्तों की टोलियाँ “हर-हर महादेव”, “बोल बम” के गगनभेदी नारों के साथ चलते हुए नगर की गलियों से गुजरीं। कंधों पर कांवड़, तन पर भगवा वस्त्र और मन में शिवभक्ति की अग्नि—यह दृश्य हर किसी को मंत्रमुग्ध कर गया। अमोलेश्वर धाम के पूज्य पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 संत श्री बच्चू बाबा के सान्निध्य और आशीर्वाद में यह आयोजन और भी दिव्य बन गया। संत श्री बच्चू बाबा की उपस्थिति ने श्रद्धालुओं को नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं की सेवा की। कहीं ठंडे पेय, फल और खीर बांटी गई, तो कहीं पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं की आस्था को नमन किया गया। हर चौराहे और गली में भक्तिरस की बयार बहती दिखी।
यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या यात्रा मार्ग पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। नगर निरीक्षक पाली राजेशचंद्र मिश्रा ने भी अपनी टीम के साथ निगरानी रखी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सुविधाएं यात्रा मार्ग पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे किसी भी स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। पंचलेश्वर धाम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को आयोजित भक्ति संध्या और भजन आर्केस्ट्रा ने वातावरण को और भी भक्तिमय कर दिया।