Sagar- नकली दवा डालने से बर्बाद हो गया सोयाबीन किसानों के साथ सड़क पर उतरे पूर्व विधायक
नकली खरपतवार नाशक दवाओं से फसलों के नष्ट होने, मूंग खरीदी में भ्रष्टाचार, खाद की भारी किल्लत और अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के विरोध में सोमवार को सागर जिले के बंडा के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सैकड़ों किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने अपनी पीड़ा और प्रशासन की लापरवाही का विस्तार से उल्लेख किया, साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार ग्राम नैनधरा, पिपरिया, चकेरी, गोदई, तिनसुआ, कैथोरा, बेसली, बमनौरा सहित अन्य गांवों के किसानों की सोयाबीन की फसलें नकली खरपतवार नाशक दवा के उपयोग से पूरी तरह बर्बाद हो गईं। पूर्व विधायक लोधी ने प्रशासन से मांग की कि मामले की शीघ्र जांच कराकर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए। दोषी विक्रेताओं पर मामला दर्ज कर उनका लाइसेंस निरस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
ज्ञापन में बताया गया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों से प्रति क्विंटल 300 से 400 रुपये तक अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही दो किलो अतिरिक्त मूंग भी तौल में काटी जा रही है। पूर्व विधायक लोधी ने इन केंद्रों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि किसानों को न्याय मिल सके। क्षेत्र में किसानों को डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है। किसान लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं। जबकि बाजार में डीएपी 2000 रुपये और यूरिया 500 रुपये में ब्लैक में बिक रही है।
पूर्व विधायक ने इस पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। भारी बारिश के चलते कई गांवों के कुएं और मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदियों के तेज बहाव से खेतों की फसलें भी बह गईं। पूर्व विधायक ने तत्काल सर्वे कराकर किसानों और ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने की मांग रखी। क्षेत्र की कई शासकीय स्कूलें अति जर्जर भवनों में संचालित हो रही हैं, जो बच्चों के लिए खतरा बन चुकी हैं। पूर्व विधायक ने स्कूल भवनों की तुरंत मरम्मत कराने की भी अपील की।