नागपंचमी पर उज्जैन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, रात 12 बजे खुले नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट, सिर्फ 24 घंटे कर सकेंगे दर्शन
नागपंचमी पर्व पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट रात 12 बजे खोल दिए गए। इसके साथ ही भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन शुरू हो गए, जो अब 24 घंटे तक बिना रुके चलेंगे। भगवान भोलेनाथ की नगरी में नागपंचमी का पर्व बड़े ही भक्ति भाव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
महाकाल मंदिर के शीर्ष पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर का अति प्राचीन मंदिर है जहां शिव-पार्वती की दुर्लभ प्रतिमा नाग पर विराजमान है। मान्यता है कि इस दिन भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन से सर्प दोष से मुक्ति मिलती है और शिव-पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
पट खुलने के बाद पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज ने विशेष पूजा की। इस दौरान प्रदेश के मंत्री गौतम टेटवाल और संपतिया उइके भी मौजूद रहे। रात से ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में लगे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बेरिकेट्स, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है। अनुमान है कि एक दिन में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन करेंगे।