तेज बारिश के बीच एक ही परिवार के तीन लोग फंस, एसडीईआरएफ ने तीन लोगों का किया सफल रेस्क्यू
तेज बारिश के कारण हुए जलभराव में एक ही परिवार के तीन लोग फंस गए। समय रहते मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनकी जान बचा ली। दरअसल एमपी के शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के सजाई गांव में रेस्क्यू किए गए लोगों में राघवेंद्र केवट (32), प्रीति केवट (30) और उनकी 6 साल की बेटी प्रियंका केवट शामिल हैं। पानी का बहाव इतना तेज था कि परिवार को गांव से निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। सिर्फ सजाई ही नहीं, कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिजौरोनी में भी 5 लोगों को और ग्राम इमलावदी में एक व्यक्ति को एसडीईआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे लोग फंस गए थे।
एसडीईआरएफ की टीम ने तेज बहाव और मुश्किल हालात के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। फंसे हुए परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शिवपुरी जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़क से कट गया है। “तेज बारिश के चलते कई गांवों में पानी भर गया है। एसडीईआरएफ की टीम की मुस्तैदी से बड़ी अनहोनी टल गई और समय रहते कई जिंदगियां बचा ली गईं।” प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदियों और नालों के पास जाने से बचें और आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।