Sagar- फ़िल्मी स्टाईल में कोर्ट से भागा आरोपी, दो दिन से तलाश में जुटी पुलिस
सागर जिले के बंडा न्यायालय से एक आरोपी सजा सुनते ही फ़िल्मी स्टाईल में कोर्ट से फरार हो गया, और दो दिन बाद भी पुलिस उसका सुराग नहीं लगा सकी है, कोर्ट ने छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में दोषी पाए गए आरोपी जितेंद्र यादव को सजा सुनाई थी, घटना सोमवार 29 जुलाई शाम करीब 4 बजे की है, कोर्ट स्टाफ और अधिवक्ताओं ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा। बंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेमरा रामचंद निवासी जितेंद्र पिता हाकम यादव को धारा 354, 452 और पॉक्सो एक्ट के तहत कोर्ट ने दोषी ठहराया था। फैसला सुनाने के दौरान वह न्यायिक अभिरक्षा में कोर्ट के कठघरे में खड़ा था। तभी उसने मौके का फायदा उठाया और कोर्ट मुंशी को धक्का देकर भाग गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
बंडा न्यायालय में पदस्थ रीडर सरमन सिंह ने थाने में घटना की शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
न्यायालय परिसर से दोषी का इस तरह भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। घटना ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।