बीच सड़क पर नाबालिग लड़कों ने पिता-पुत्र को घेरा, CCTV में कैद घटना, आरोपी फरार तलाश जारी | जबलपुर न्यूज़
कुछ लड़कों ने बीच सड़क पर एक पिता-पुत्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। करीब चार से पांच लड़कों के इस गिरोह ने बेल्ट और ईंट से हमला करते हुए पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी और फिर मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। घटना 31 जुलाई की शाम जबलपुर के बड़े पत्थर क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में रहने वाले नाबालिग ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उस वक्त पिता-पुत्र किसी काम से जा रहे थे। तभी वो और उसके साथी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब पिता ने समझाने की कोशिश की, तो विशाल ने पत्थर उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। बेटे ने जब बचाव किया, तो लड़कों ने उसे भी बेल्ट और ईंट से पीटना शुरू कर दिया।
करीब पांच मिनट तक सड़क पर यह मारपीट चलती रही, जबकि आसपास खड़े लोग मूकदर्शक बने रहे। इस दौरान बेटे को पिटता देख पिता ने भी एक लड़के से बेल्ट छीनकर पलटवार किया। इसके बावजूद बदमाशों ने दोनों को घायल कर दिया और धमकी देकर भाग निकले।
घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही सभी को हिरासत में ले लिया जाएगा।