Sagar- सिविल अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का लोकार्पण डॉक्टर दिल, मन और जुनून से करें मानव सेवा – उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
सागर जिले के गढ़ाकोटा के सिविल अस्पताल में शनिवार को अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को दिल, मन और जुनून से मानव सेवा करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, रानी कुशवाहा, मनोज तिवारी, श्रीराम भार्गव, कमलेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
“डॉक्टरों को भगवान का रूप माना जाता है” उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि समाज डॉक्टरों को भगवान का रूप मानता है, इस विश्वास को बनाए रखना डॉक्टरों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की कमी को देखते हुए 30,000 से अधिक पदों पर भर्ती कर रही है। साथ ही, गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल में जल्द ही नए डॉक्टर की नियुक्ति भी की जाएगी।
श्री शुक्ल ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब लोकार्पण के दिन ही मरीज का डायलिसिस हो रहा था। उन्होंने मरीज से बात कर उसका हालचाल भी जाना। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर काम करने की सलाह दी और कहा कि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं में नंबर वन बनाना है।
अस्पतालों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी कमी को तुरंत दूर कराएं। उन्होंने आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं से गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन कर मातृ मृत्यु दर कम करने पर जोर दिया।
“स्वास्थ्य विभाग में सेवा से ही यश और पुण्य” – गोपाल भार्गव विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में काम करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है क्योंकि इसमें सीधे मानव सेवा होती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की जान से बढ़कर कुछ भी नहीं, इसलिए डॉक्टरों को हर परिस्थिति में मरीज की जान बचाने की कोशिश करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत पात्र व्यक्तियों का ₹5 लाख तक का इलाज मुफ्त होता है, जिससे लाखों गरीबों को राहत मिली है।
वेदिका फाउंडेशन द्वारा निशुल्क इलाज की पहल पूर्व मंत्री श्री भार्गव ने जानकारी दी कि उनके पुत्र श्री अभिषेक भार्गव और पुत्रवधू श्रीमती शिल्पी भार्गव ने वेदिका फाउंडेशन के माध्यम से दिल में छेद सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित बच्चों का मुफ्त इलाज शुरू किया है। इसके लिए चार एंबुलेंस की सहायता से बच्चों को इंदौर ले जाकर इलाज कराया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन विक्की जैन ने किया और आभार डॉ. ममता तिमोरे ने व्यक्त किया।