सागर-1.32 लाख की शराब और ₹10 लाख की कार जब्त, अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही
सागर जिले के पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अवैध शराब के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जाए और त्वरित प्रभाव से ऐसे मामलों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। इन्हीं निर्देशों के पालन में थाना सानौधा प्रभारी निरीक्षक श्री भरत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। शनिवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की मारुति आर्टिगा कार (MP15 ZF 4779) में भारी मात्रा में अवैध शराब दमोह से सागर लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक श्री बालाराम छारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सानौधा तिराहा पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने तेज़ रफ्तार से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्कता से पीछा कर वाहन को सानौधा गांव के पास रोक लिया गया। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
बरामदगी किया गया सामान इस तरह है , 22 कार्टूनों में भरी 1100 पाव पावर स्ट्रॉन्ग व्हिस्की, कुल मात्रा: 198 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत: ₹1 लाख 32 हजार, मारुति आर्टिगा कार MP15 ZF 4779, सफेद रंग. अनुमानित कीमत: ₹10 लाख की गई है मौके पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश और अवैध शराब के स्रोत की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की कार्यवाही में शामिल थे ,निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर थाना प्रभारी, सानौधा, उप निरीक्षक बालाराम छारी, सहायक उप निरीक्षक मुलायम सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रामचंद्र दुबे, आरक्षक राहुल एवं हेमंत। थाना सानौधा पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण, सशक्त एवं सराहनीय पहल है, जो कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएगी।