कलेक्टर का औचक निरीक्षण, टीकमगढ़ जिला अस्पताल में मिली खामियां, एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने अचानक औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सीधे एसएनसीयू वार्ड पहुंचे और वहां भर्ती नवजात शिशुओं के परिजनों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था देखी, जहां जगह-जगह कचरे के ढेर मिले। गंदगी देखकर कलेक्टर नाराज हो गए। उन्होंने मोबाइल से कचरे की तस्वीरें खींचकर सीधे नगर पालिका सीएमओ को भेजीं और तत्काल सफाई के निर्देश दिए।
बारिश के दौरान भीगते हुए कलेक्टर ने पूरे अस्पताल परिसर का दौरा किया और अन्य वार्डों की स्थिति भी देखी। इस दौरान कई जगह सफाई और व्यवस्था में खामियां नजर आईं, जिन पर कलेक्टर ने अधिकारियों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने अस्पताल के सिविल सर्जन को नई बिल्डिंग में ओपीडी जल्द से जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और समय पर इलाज मिले।
कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों की सेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्टाफ से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी और उन्हें जिम्मेदारी से काम करने की समझाइश दी। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जाएगा। नगर पालिका और अस्पताल प्रबंधन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।