राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी की कथित पत्नी की नई एंट्री! थाने में DNA रिपोर्ट के साथ आमना-सामना
इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद अब उनके भाई सचिन रघुवंशी का पारिवारिक विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया है। खुद को सचिन रघुवंशी की दूसरी पत्नी बताने वाली महिला ने थाने पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है। महिला का दावा है कि सचिन उसके बच्चे का पिता है और उसने इसके समर्थन में डीएनए रिपोर्ट भी पेश की है।
महिला ने आरोप लगाया कि वह कई घंटों से थाने में बैठी रही, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। उसका आरोप है कि पुलिस उस पर दबाव बना रही है और रघुवंशी परिवार को "स्पेशल ट्रीटमेंट" दिया जा रहा है।
महिला ने बताया कि एक दिन पहले वह सचिन रघुवंशी के घर गई थी, जिसके बाद सचिन की पत्नी वर्षा रघुवंशी ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। वहां सचिन की कथित पत्नी और रघुवंशी परिवार का आमना-सामना हुआ, लेकिन खुद सचिन थाने नहीं पहुंचा।
महिला का कहना है कि उसे चार घंटे से ज्यादा समय तक थाने में बैठाकर रखा गया, लेकिन कोई अधिकारी उससे बात करने नहीं आया। उधर, रघुवंशी परिवार ने महिला पर झूठे आरोप लगाकर परिवार की छवि खराब करने का आरोप लगाया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा समेत अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब रघुवंशी परिवार एक बार फिर विवादों के केंद्र में है।