मजहबी दीवारें टूटीं: मुस्लिम लड़की बनी शारदा, महादेव के साक्षी में रचाई शादी, प्यार के लिए त्यागा मजहब
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मजहबी दीवारें तोड़ते हुए एक मुस्लिम युवती ने सनातन धर्म अपनाकर अपने हिंदू प्रेमी से शादी रचाई है। युवती का नाम पहले साजिया खान था, जो धर्म परिवर्तन के बाद शारदा हो गया। शादी महादेवगढ़ मंदिर में हुई, जहां दोनों ने भगवान शिव को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। जानकारी के अनुसार, शारदा पूर्व में साजिया खान और मयूर, भीकनगांव तहसील के चिल्टिया गांव के रहने वाले हैं। दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे को पसंद करते थे,
लेकिन धर्म अलग होने के कारण शादी में अड़चन आ रही थी। आखिरकार, युवती ने खुद की इच्छा से महादेवगढ़ मंदिर पहुंचकर प्रायश्चित अनुष्ठान के साथ सनातन धर्म अपनाया और विवाह कर लिया। शारदा ने कहा — “मुझे बचपन से ही सनातन धर्म में रुचि थी। हिंदू धर्म में महिलाओं को देवी स्वरूप मानकर सम्मान दिया जाता है। मैंने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से शादी की है।” मयूर ने भी बताया कि उन्हें महादेवगढ़ मंदिर के बारे में यूट्यूब से जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों ने मंदिर में विवाह का निर्णय लिया और महादेव को साक्षी मानकर अग्नि के सात फेरे लिए।