बारिश के लिए गधे पर उल्टा बैठाया पटेल, सदियों पुरानी परंपरा: श्मशान में गधे पर घुमा , बरसेगी बारिश ?
बारिश की कमी से परेशान ग्रामीणों ने सदियों पुरानी परंपरा का सहारा लिया। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के पास स्थित उन्हेल गांव में धाकड़ समाज ने शनिवार रात एक अनोखा टोटका किया। गांव के पटेल लखन पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर श्मशान में पांच बार घुमाया गया, ताकि जल्द बारिश हो सके। धाकड़ समाज और पटेल परिवार के सदस्य दिनेश पटेल के अनुसार, यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है। मान्यता है कि जब भी क्षेत्र में बारिश नहीं होती, तो गांव के पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर श्मशान के चारों ओर परिक्रमा कराई जाती है। इससे पहले विधिवत पूजा-पाठ, ढोल-नगाड़ों की गूंज और गांव के लोगों की सामूहिक प्रार्थना होती है। ग्रामीणों का विश्वास है कि इस अनुष्ठान के बाद इंद्र देव प्रसन्न होकर वर्षा करते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि दो दिन पहले ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी महाकाल मंदिर में पर्जन्य अनुष्ठान कर प्रदेश में अच्छी बारिश की प्रार्थना की थी। उसके बाद से उज्जैन जिले में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। उज्जैन जिले में इस समय जल संकट गहराता जा रहा है। शहर में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई की जा रही है, जबकि ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर है।
गंभीर डेम, जिसकी क्षमता 2250 एमसीएफटी है, उसमें अब केवल आठ दिन का पानी शेष है। इस कमी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बारिश के आंकड़े भी स्थिति की गंभीरता बताते हैं। 10 अगस्त तक जिले में औसत से 7.28 इंच कम वर्षा हुई है। अब तक 13.94 इंच बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य 21.22 इंच होनी चाहिए थी। मौसम विभाग ने सोमवार को जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में फिलहाल तेज धूप और साफ मौसम रहने का अनुमान है।