मुख्यमंत्री के गृह जिले उज्जैन में महापौर के मौसेरे भाई से बड़ी कहासुनी, आरोपी गिरफ्तार SAGAR TV NEWS
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। शहर के महापौर मुकेश टटवाल के मौसेरे भाई लक्ष्मीकांत अंधेरिया पर तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में लक्ष्मीकांत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। लक्ष्मीकांत अंधेरिया संत नगर इलाके में स्वर्ग पान कॉर्नर का संचालन करते हैं। शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे, तभी तीन युवक वहां पहुंचे और उनसे रंगदारी की मांग की। लक्ष्मीकांत के मना करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। इसी दौरान उन्होंने चाकू निकालकर सीने और पेट पर वार कर दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों — लक्की उर्फ लोकेंद्र वाडिया, सौरभ बेरानी और टिकेश अखंड — को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया गया है। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि स्वर्ग रिफ्रेशमेंट एवं पान सेंटर उनकी दुकान है, जिसे उनका मौसेरा भाई लक्ष्मीकांत संभालते हैं।
उन्होंने कहा कि बदमाशों ने बेवजह वारदात को अंजाम दिया और रंगदारी मांगते हुए हमला किया। इस घटना में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें आरोपी कहते सुनाई दे रहे हैं — तेरा महापौर भाई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, बोल देना महापौर से। पुलिस इस ऑडियो की भी जांच कर रही है। फिलहाल, वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।