Sagar -सड़क पर पशु छोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण और आवारा पशुओं पर निगम की कड़ी नजर
सागर नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। इसमें मुख्य मार्गों से आवारा पशुओं को पकड़ा जा रहा है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। साथ ही पालतू पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वाले मालिकों पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर शुक्रवार से शहर में विशेष अभियान की शुरुआत हुई है। इस अभियान के तहत मुख्य मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया जा रहा है और सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस और गौशालाओं में भेजा जा रहा है।
नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन पशु मालिकों द्वारा अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ा जाएगा, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार और शनिवार को अतिक्रमण टीम ने कार्रवाई करते हुए कई पशु मालिकों को समझाइश दी, जिनमें श्याम यादव और सोनू चौरसिया प्रमुख रहे। टीम ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी उनके पशु सड़क पर घूमते पाए गए, तो उनके विरुद्ध सीधी कार्रवाई की जाएगी।
इसी अभियान के तहत नगर निगम ने शहर की यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले ठेला-गुमटी संचालकों को भी नोटिस दिया है। सड़क किनारे कब्जा जमाने वाले दुकानदारों से कहा गया है कि वे तुरंत अपने ठेले और गुमटियां हटा लें, अन्यथा निगम की अतिक्रमण टीम उन्हें जब्त कर लेगी।
आयुक्त राजकुमार खत्री ने अतिक्रमण प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि इस अभियान को प्रतिदिन चलाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि आवारा पशु और अतिक्रमण दोनों ही यातायात व्यवस्था में बाधक हैं और शहर की छवि खराब करते हैं, इसलिए नगर निगम सख्ती से कार्रवाई करेगा।