सागर विधायक मटकी फोड़ प्रतियोगिता में केशवगंज वार्ड की टीम ने जीता ₹35 हजार का इनाम |SAGAR TV NEWS|
सागर में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर के हृदय स्थल तीन बत्ती चौराहा पर हर साल की तरह इस बार भी भव्य मटकी फोड़ दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम से हुआ। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में शहरभर की टीमों ने उत्साह के साथ भाग लिया और हजारों की भीड़ ने कृष्ण जन्मोत्सव की लीलाओं का आनंद उठाया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, खुरई विधायक एवं पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, संघ के प्रांतीय पदाधिकारी सुनील देव, गौरी यादव समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अनुश्री शैलेन्द्र जैन की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ा दी।
कड़ी टक्कर में मिली जीत
इस प्रतियोगिता में अंबेडकर वार्ड, काकागंज, विवेकानंद वार्ड, सूबेदार वार्ड, तुलसी नगर, संत रविदास वार्ड सहित कुल 10 टीमों ने भाग लिया। खास आकर्षण रही खेल परिसर की बालिकाओं की टीम, जिन्होंने साहस और ऊर्जा के साथ मटकी फोड़ने का प्रयास किया। उनके उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने उन्हें विशेष सांत्वना पुरस्कार दिया।
प्रतियोगिता के पहले ही राउंड में नव जागृति गणेश समिति, केशवगंज वार्ड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़ दी और ₹35 हजार नगद पुरस्कार अपने नाम कर लिया।
सांस्कृतिक महत्व और संदेश मंच से वक्ताओं ने इस आयोजन को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जोड़ते हुए कहा कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, एकता और सहयोग की भावना का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ते हैं और युवाओं को परंपरा से परिचित कराते हैं।
जनता का उत्साह आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। गौरव सिरोठिया, जगन्नाथ गुरैया, अमित बैसाखिया, मेघा दुबे, श्रीकांत जैन समेत कई गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हजारों की भीड़ तीन बत्ती चौराहा पर उमड़ी और तालियों व जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
अंत में प्रासुख जैन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और नागरिकों का आभार जताया। महिलाओं के लिए विशेष मंच और पुलिस की कड़ी व्यवस्था के कारण पूरा कार्यक्रम अनुशासन और शांति के साथ सम्पन्न हुआ।